
हापुड़: शराब के नशे में दबंगों ने तीन स्थानों पर की मारपीट, जांच शुरू
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम कम समय के अंतराल में मारपीट की तीन घटनाएं सामने आई है जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दस्तोई रोड पर, मोदीनगर रोड और चमरी फाटक के पास हुई मारपीट की घटना के बाद फोर्स मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार का जातीय मामला नहीं है।
अपर पुलिस अधीक्षक हापुड़ विनीत भटनागर के मुताबिक, गुरुवार की शाम करीब 19:45 बजे दो बाइकों पर सवार पांच युवक, जो प्रथम दृष्टया नशे की हालत में बताए जा रहे हैं, ने जिला अस्पताल के पास आदर्श नगर निवासी प्रियांशु और आर्यन के साथ गाली-गलौच और थप्पड़बाजी की।
इसके बाद इन्हीं युवकों में से कुछ ने मोदीनगर रोड स्थित बतिस्डा अकादमी के सामने कृष नामक युवक के साथ मारपीट की। बताया गया कि कृष दूध लेकर अपने दोस्त दीपांशु के घर जा रहा था। इसके बाद कृष और उसका दोस्त दीपांशु दिल्ली रोड की तरफ जा रहे थे, तभी चमरी फाटक के पास बाइक सवार युवकों ने दोनों के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों घटनाएं बेहद कम समय के अंतराल में हुईं और प्रथम दृष्टया युवकों द्वारा नशे की हालत में रैंडम तरीके से मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
वहीं, पुलिस ने जाति पूछकर मारपीट किए जाने के दावे को गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि पहली घटना में दोनों पक्ष आदर्श नगर के रहने वाले और सजातीय थे, जबकि बाद की घटनाओं में पीड़ित अलग-अलग स्थानों के रहने वाले थे और एक-दूसरे से अपरिचित थे।
पीड़ितों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपियों की पहचान और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)



















