प्रकाश गुरुपर्व पर हापुड़ हुआ धर्ममय
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : सिक्ख धर्म के अनुयायियों ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश गुरुपर्व मंगलवार को हापुड़ में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भव्य नगर संकीर्तन का आयोजन किया गया और गुरुद्वारों पर विशेष रोशनी की गई। लोगों के कानों में गुरुवाणी के पड़ने वाले स्वरों से पूरा नगर धर्ममय हो गया।
हापुड़ के मेरठ तिराहा पर स्थित यूपी सिक मिशन के श्री गुरुनानक दरबार में मंगलवार की सुबह बड़ी संख्या में सिख धर्म के अनुयायी, पंच प्यारे, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर व हापुड़ के अनेक गणमान्य लोग एकत्र हुए, जहां सभी ने श्री गुरुग्रंथ साहिब के पावन स्वरुप का पूजन किया। यूपी सिक्ख मिशन की ओर से पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित गणमान्य लोगों को पटका पहना कर सम्मानित किया गया।
श्री गुरुनानक दरबार से सिक्ख संगतों ने श्री गुरुग्रंथ साहिब की छत्र छाया में तथा पंच प्यारों की अगुवाई में नगर संकीर्तन व शोभा यात्रा प्रारम्भ हुई। श्री गुरुग्रंथ साहिब के आगे महिलाएं व पुरुष कार सेवा करते हुए सफाई अभियान को गति दे रहे थे। शोभा यात्रा में अनेक कलाओं में पारंगत कलाकार अपनी कला का जादू बिखेर रहे थे। शोभा यात्रा में फूलों से सजी साहिब जी की पालकी, मनमोहक झांकिया शामिल थी। शोभा यात्रा जिस भी मार्ग से निकली लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और लोगों ने स्थान-स्थान पर प्रसाद के स्टाल लगाए।
यूपी सिक्ख मिशन के प्रभारी सरदार ब्रजपाल सिंह ने नागरिकों को गुरुपर्व की बधाई देते हुए कहा कि सिख गुरुओं का बलिदान व त्याग हमें देशभक्ति की प्रेरणा देता है। हमें सिख गुरुओं के आदर्शों को जीवन में उतारना चाहिए।
























