हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में स्थित पलवाड़ा रोड पर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही नगर पालिका गढ़मुक्तेश्वर को भी जमकर कोसा। दरअसल नगर पालिका परिषद गढ़मुक्तेश्वर ने कार्तिक मेले के दौरान सड़क पर गड्ढे खोदे थे जिन्हें अभी तक भरा नहीं जा सका है। गड्ढा खोदने की वजह से बिजली का खंभा भी टेढ़ा हो गया जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ऐसे में स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और खंभे को दुरुस्त करने की मांग की।
आपको बता दें कि खंभा इतना जर्जर स्थिति में है कि वह गिरने को तैयार है। यहां से गुजरने वाले लोगों पर हर समय हादसे का खतरा मंडराता रहता है लेकिन विभाग को कोई चिंता ही नहीं है। ऐसे में लोगों ने मांग की है कि खंभे को बदला जाए। साथ ही गढ़मुक्तेश्वर नगरपालिका परिषद गड्ढों को भरे। इस दौरान नौशाद, भूरे, सोनू, सचिन आदि ने प्रदर्शन किया।






















