हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो हालांकि कुछ दिन पुराना है जिसने सुर्खियां बटोरी हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि इंस्पेक्टर आशीष कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर हाईवे पर खराब हुई बस में धक्का लगा रहे हैं। पुलिस के इस चेहरे को देखकर लोग पुलिस की लगातार प्रशंसा कर रहे हैं।
जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मुख्य स्नान के उपलक्ष्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए मंगलवार को गढ़ गंगा पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते यातायात संभालने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला हुआ था। इसी बीच एक बस हाईवे पर खराब हो गई जिसकी वजह से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत मैदान में आकर खराब बस को धक्का लगा कर साइड कराया। बहादुरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार ने अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से बस को साइड कराया जिसके बाद पुलिस की लगातार प्रशंसा हो रही है।




























