हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में लगातार प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी कार्रवाई कर रहा है लेकिन इसके बावजूद भी कूड़े और झाड़ियों में आग लगाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार की देर शाम स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित दोयमी फ्लाईओवर के पास लोग उस समय जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हो गए जब किसी शरारती तत्व ने झाड़ियों में दो स्थानों पर आग लगा दी। आग लगने के बाद हवा दूषित होने लगी और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया।
स्वर्गआश्रम रोड पर रेलवे फाटक से चंद कदम पहले लगाई गई कूड़े में आग से हवा की गुणवत्ता पर काफी ज्यादा असर पड़ा है। यहां से गुजरने वाले राहगीरों को आंखों में जलन की शिकायत भी हुई। वैसे तो विभाग लगातार कूड़ा ना जलाने की अपील कर रहा है लेकिन इसके बाद भी कुछ शरारती तत्व ऐसे हैं जो कि लगातार खुले में कूड़ा जला रहे हैं।



























