हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में हुए एनकाउंटर के बाद जनपद का बहादुरगढ़ इलाका भी गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा जहां एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में भी पुलिस ने फायरिंग की और एक गोली बदमाश के पैर में जाकर लगी जिससे वह घायल हो गया। थाना बहादुरगढ़ पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने इस दौरान बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से अवैध असलहा, खोखा, जिन्दा कारतूस व सीटी-100 बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार किया गया बदमाश अभिषेक उर्फ पोलार्ड है।
मामला शनिवार की तड़के करीब 4:45 बजे का है जब बहादुरगढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम पलवाड़ा मोड़ नहर के बंबे पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच उसने सामने से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार ने पुलिस को देखकर बाइक मोड ली। इसी बीच कच्ची सड़क पर जाते ही बाइक फिसल गई। जैसे ही पुलिस बदमाश की ओर बढ़ी तो उसने पुलिस पर गोलियां चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को मुंहतोड़ जवाब दिया। एक गोली बदमाश के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया।घायल बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस दौरान बदमाश से एक बाइक 315 बोर तमंचा, खोखा व जिन्दा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम अभिषेक उर्फ पोलार्ड बताया है जो थाना मवाना जनपद मेरठ से धारा 307 से जुड़े मामले में वांछित चल रहा था। गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जिस पर जनपद मेरठ और हापुड़ में हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट आदि के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।

























