हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : थाना हापुड़ देहात पुलिस ने 29 सितम्बर को धनौरा कट के पास जंगल में मिले एक व्यक्ति के शव की पहचान कर उसकी हत्या के आरोप में मृतक की प्रेमिका व दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, एक कार, चार मोबाइल, मृतक का कड़ा आदि बरामद किए है। शव की पहचान जनपद बिजनौर के थाना नूरपुर के गांव दरियापुर के जसवंत सिंह के बेटे ऋषि पाल सिंह सैनी के रुप में की गई है। ऋषिपाल की हत्या प्रेम प्रसंग को लेकर की गई है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि ऋषिपाल सिंह सैनी की बिजनौर की ही एक महिला ज्योति से दोस्ती थी, जो बाद में बिजनौर के ही शोएब के साथ चली गई। ऋषि को यह सहन नहीं था और वह ज्योति को धमकाता रहता था। ज्योति ने शोएब व उसके दोस्त तारिक के साथ मिल कर ऋषि को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक ज्योति ने ऋषि को पुरानी दिल्ली स्टेशन के नजदीक बुला लिया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला पर पिला दिया। ज्योति, शोएब व तारिक कार द्वारा ऋषिपाल को लेकर थाना हापुड़ देहात बाईपास पर धनौरा कट के पास जंगल में लेकर पहुंचे और चाकू से ऋषिपाल की गला काट कर हत्या कर दी फिर फरार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

























