हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव हसनपुर निवासी एक ही परिवार के दो युवकों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। दोनों जवानों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के 24 वर्षीय पुत्र शिवम चौधरी तथा परिवार के ही प्रेमपाल का 23 वर्षीय बेटा सचिन चौधरी शनिवार को हरियाणा के गांव खेड़ा दयालपुर से अपने रिश्तेदार के यहां से बाइक पर वापस लौट रहे थे। जैसे ही दोनों बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में ईस्टर्न मानेसर पेरिफेरल पर दादरी कट के पास पहुंचे तो बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। साथ में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन शनिवार देर शाम उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। रविवार को गमगीन माहौल में दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के जिला अध्यक्ष ज्ञानेंद्र त्यागी ने बताया कि दोनों युवक समाज सेवा में भी आगे थे जिन्होंने हाल ही में अपने मित्रों के साथ राष्ट्रीय सैनिक संस्था के महारक्तदान शिविर में अपने दर्जनों मित्रों के साथ रक्तदान किया था।
ये भी पढ़ेः-एक और अवैध कालोनी का नक्शा हाथ लगा
HERO: आधार कार्ड लाएं बाइक घर ले जाएं OFFER: 9289923209*


























