हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद है कि उन्होंने बीयर ना देने पर ठेके पर ही गोली चला दी. इस दौरान ठेके के अंदर मौजूद सेल्समैन को गोली लग गई जिसका उपचार रामा अस्पताल में चल रहा है. गोली ठेके के शटर को पार करते हुए सेल्समेन को जा लगी. पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
बता दें कि मामला मंगलवार की रात करीब 11:15 बजे का है जब हिमांशु और शाश्वत पिलखुवा थाना क्षेत्र के ग्राम लाखन में बीयर के ठेके पर पहुंचे. समय के चलते ठेका रात 10:00 बजे बंद हो चुका था. सेल्समेन दिनेश पुत्र मूले सिंह सिसोदिया निवासी ग्राम आलमपुर ने बताया कि वह अपने घर लौट गया था जबकि उसका साथी अतुल गहलोत पुत्र सतपाल सिंह निवासी ग्राम आलमपुर ठेका बंद कर ठेके के अंदर सो रहा था. शाश्वत और हिमांशु बीयर देने की मांग कर रहे थे. जब ठेके के अंदर मौजूद सेल्समैन अतुल ने बीयर देने से इंकार कर दिया तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए गोली चला दी. इसी बीच एक गोली अतुल को लगी. शोर मचाने पर आरोपी अपनी गाड़ी में बैठ कर फरार हो गए. इसी बीच अन्य साथियों ने अतुल को रामा अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है. पुलिस ने मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 307, 504 तथा 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.





























