हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच तथा जनपद हापुड़ में जिला न्यायालय के लिए नए भवन की मांग को लेकर गुरुवार को हापुड़ के अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। मांग के समर्थन में एक वकील के आत्मदाह के मैसेज वायरल होने से पुलिस, प्रशासन में हड़कंप मच गया।
केंद्रीय संघर्ष समिति ने गुरुवार को हड़ताल का आह्वान किया था। समिति ने दावा किया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 22 जनपदों में गुरुवार को अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहे हैं। वकीलों ने मांग के समर्थन में कचहरी परिसर में धरना दिया।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी व सचिव रविंद्र सिंह निमेष के आह्वान पर गुरुवार को हापुड़ के अधिवक्ता कचहरी परिसर में एकत्र हुए और मांग के समर्थन में विरोध जताया। मांग के समर्थन में एक वकील ने आत्मदाह की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल कर दिया। वायरल मैसेज को देखकर पुलिस, प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होते ही पुलिस ने अधिवक्ता को हिरासत में ले लिया, जिसे बाद में रिहा कर दिया। हाईकोर्ट बैंच व जिला न्यायालय के लिए नए भवन की मांग को लेकर वकीलों ने कचहरी परिसर में धरना दिया औऱ कहा कि वकीलों का यह आंदोलन जन आंदोलन बन चुका है। इस आंदोलन में सभी वर्गों के लोग शामिल हो रहे है। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।























