हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : नगर पालिका परिषद हापुड़ के वार्ड-17 के नागरिक मंगलवार को हापुड़ में बिजली दफ्तर पर भूख हड़ताल पर बैठ गए। नागरिकों की मांग है कि उन्हें बिजली, पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि वे जीवन सुगमता से व्यतीत कर सकें। नागरिकों ने मांग के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
समाजसेवी फिरोज मलिक, हसीन, इंतजार, सईद व आरिफ आदि हाथों में तख्तियां लेकर टाउनहॉल बिजली घर पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठ गए। नागरिकों का कहना है कि वार्ड-17 के फूलगढ़ी इलाके की मलिन बस्ती बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है। इस सिलसिले में विद्युत व प्रशासनिक अफसरों से संपर्क साधा जा चुका है, परंतु समस्या का निदान नहीं हुआ है। नागरिकों की मुख्य मांग है कि उन्हें बिजली- पानी की सुविधा लाई जाए।
























