हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव ततारपुर में शुक्रवार को 17 वर्षीय किशोरी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने जब किशोरी को फंदे से लटका हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में परिजन किशोरी को गढ़ रोड पर स्थित देवनंदिनी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर देहात पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बता दें कि किशोरी ततारपुर में स्थित एक विद्यालय में पढ़ रही थी जिसने सीबीएसई 12वीं कक्षा की परीक्षाएं दी थी। शुक्रवार को अपना परिणाम देखने के बाद शाम के समय उसने आत्महत्या करने के इरादे से घर में ही फंदा लगा लिया। जब परिजनों ने देखा तो तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। मृतका के पिता किसान हैं जो कि खेती कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।























