हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा में रविवार को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पिलखुवा के विभिन्न मार्गों से होकर निकली रथयात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. कृष्ण नाम से माहौल पूरी तरह भक्ति मय हो गया. श्रद्धालुओं का कहना है कि उन्हें इस पल का बेसब्री से इंतजार था.
एस्कॉन पिलखुवा के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ जी का आगमन और स्वागत पिलखुवा की रेलवे रोड पर स्थित रंगोली उत्सव मंडप में हुआ जहां दोपहर को छप्पन भोग के बाद आरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया. दोपहर करीब तीन बजे विधिवत पूजा के साथ रथ यात्रा प्रारंभ हुई जो पिलखुवा के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. शाम 8:00 बजे भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा का स्वागत राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर स्थित श्री श्री राधा मदन मोहन मंदिर में हुआ जहां छप्पन भोग के बाद आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया.
इस अवसर पर अग्नि स्वरूप, माधव, रविंद्र, मुकेश अग्रवाल, प्रवेश तोमर आदि उपस्थित रहे. वहीं सुरक्षा की दृष्टि से एडिशनल एसपी सर्वेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.






















