हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): सेना में नई भर्ती योजना अग्निपथ के विरोध में उतरे युवाओं को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर वापस भेज दिया. इस दौरान एक-दूसरे का मुंह भी मीठा कराया. बता दें कि देश में अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन का दौर जारी है जिसके चलते हापुड़ का पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और जगह-जगह सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है.
हापुड़ में शनिवार को कुछ युवा भर्ती योजना के खिलाफ मैदान में उतरे और विरोध करने लगे कि रास्ते में ही प्रदर्शनकारी युवाओं को हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्र व अपर जिलाधिकारी श्रद्धा शांडिल्यायन ने पिलखुवा चौकी बस अड्डा पर रोक पहले तो प्रदर्शनकारियों का मुंह मीठा कराया और फिर उन्हें शांत कराकर वापस घर भेज दिया.
लगभग 20 से 25 की संख्या में प्रदर्शनकारी योजना का विरोध कर रहे थे जिन्होंने एडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और अग्निपथ भर्ती योजना का विरोध जताया. इस दौरान जोया से अंकित तोमर, पबला से शिवम, कस्तला से सौरभ व अन्य को समझा-बुझाकर पुलिस प्रशासन ने वापस भेज दिया.

























