हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली थाने का व्यापारियों ने मंगलवार को घेराव कर लिया और सिंभावली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे का विरोध किया. दरअसल पूरा मामला सोमवार का है जब सिंभावली थाना क्षेत्र निवासी एक महिला अपनी माता के साथ बक्सर में स्थित एक चिकित्सक के यहां गई थी. इस दौरान दवाई लेने के लिए वह पास के मेडिकल स्टोर पर चली गई जहां महिला ने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर पर संचालक और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ अभद्रता की और कपड़े फाड़ दिए. पीड़िता की माता के साथ भी अभद्रता की गई. पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
मुकदमा दर्ज होने से गुस्साए व्यापारियों ने मंगलवार को हंगामा कर दिया और अपनी अपनी दुकानें बंद कर थाने का घेराव किया. मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने व्यापारियों को किसी तरह समझाया और शांत कराया. थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि किसी भी स्थिति में निर्दोष पर कार्रवाई नहीं की जाएगी. निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.





























