हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : ट्रांसफार्मर चोरी से परेशान हुए मोहल्लेवासी पुन: ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग को लेकर यहां-वहां भटक रहे हैं. विद्युत विभाग के चक्कर काटने के बाद मोहल्लेवासी गुरुवार को हापुड़ जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे जहां मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने की मांग की.
बता दें कि हापुड़ की स्वर्ग आश्रम रोड पर स्थित प्रभा विहार कॉलोनी में साल 2017 में दिसंबर के दौरान चोरों ने ट्रांसफार्मर को ही अपना निशाना बना लिया और उसे चोरी कर ले गए जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई. मामला संज्ञान में आने पर बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी हरकत में आए जिन्होंने अस्थाई व्यवस्था करते हुए पास से गुजर रही ग्रामीण क्षेत्रों की लाइन से मोहल्ले की लाइन जोड़ दी. मोहल्लेवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर की स्थाई व्यवस्था न होने से वह आए दिन परेशान हो रहे हैं. साढे 4 साल होने के बाद भी अभी तक कोई खास कार्रवाई नजर नहीं आ रही है. प्रभा विहार कॉलोनीवासियों की मांग है कि कॉलोनी को फिर से एक ट्रांसफार्मर दिया जाए. इस दौरान राजपाल सिंह, सुदेश, गौरव, सचिन आदि उपस्थित रहे.





























