हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के khicra अरावली माजरा में सात मंजिला निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल को हाल ही में एसडीएम सुनीता सिंह ने अन्य अधिकारी और पुलिस बल के साथ पहुंचकर सील कर दिया लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अवैध निर्माण सात मंजिल तक कैसे पहुंच गया? बताया जा रहा है कि 70 दिनों में अग्निशमन विभाग ने पांच नोटिस जारी किए थे जिनमें से एक का भी जवाब नहीं मिला जिसके बाद इमारत को सील किया गया है. यह निर्माण मौलाना महमूद असद मदनी द्वारा कराया जा रहा था.
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर सिंचाई विभाग की हरित पट्टी को उजाड़ कर निजी इस्तेमाल किया गया लेकिन अधिकारियों को पता ही नहीं चला. ऐसे में अधिकारियों के निरीक्षण पर भी कई सवाल उठ रहे हैं. आजकल कई विभाग के अधिकारी बुलडोजर के साथ चलते हैं लेकिन इतने समय से हो रहे अवैध निर्माण पर किसी की नजर क्यों नहीं गई? ऊंची खासी इस इमारत को दूर से ही देखा जा सकता है जो अधिकारियों के चश्मे में नजर नहीं आई. जब बिल्डिंग का निर्माण सात मंजिल तक पहुंच गया तो जाकर इसे सील किया गया. ऐसे में कई विभागों के अधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है. फिलहाल यह भी जांच चल रही है कि बिल्डिंग के निर्माण के दौरान ऊर्जा निगम, जिला पंचायत विभाग, सिंचाई विभाग ने इस पर आपत्ति क्यों नहीं की?




























