हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : पिलखुवा पुलिस और एक बाइक सवार बदमाश के बीच गुरुवार की मध्यरात्रि के करीब चली गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज हेतु सीएचसी पिलखुवा में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौके से बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था और वह एक अप्रैल को पिलखुवा के किराना व्यापारी के यहां हुई लूट व हत्या में वांछित था। घायल बदमाश की पहचान जनपद गाजियाबाद के कस्बा मुरादनगर की ब्रज बिहार कालोनी के आनंद उर्फ नंदू के रुप में की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पिलखुवा तेजवीर सिंह ने बताया कि कोतवाली पिलखुवा पुलिस गुरुवार की देर शाम बुढेरा रेलवे फाटक के पास वाहनों की चैकिंग कर रही थी कि एक बाइक सवार बदमाश ने पुलिस को देखते ही गोली चला दी। पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई की और बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश 25 हजार रुपए का इनामी आनंद है, जो एक अप्रैल को पिलखुवा के किराना व्यापारी के यहां हुई लूट व हत्या में शामिल था। पुलिस ने मौके से एक अवैध तंमचा, तीन जिंदा कारतूस व दो खोखा कारतूस बरामद किए है।
































