हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) :भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत सिंभावली स्थित मिल गेट पर पंडित बुध प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिस का संचालन गढ़मुक्तेश्वर तहसील प्रवक्ता कैप्टन राजेश चौधरी ने किया. पंचायत में सर्वसम्मति से विचार-विमर्श करके निम्नलिखित प्रस्ताव पारित किए गए:
1 सिंभावली एवं बृजनाथपुर गन्ना मिलो द्वारा प्रशासन को बार-बार अवगत कराने के बाद भी आज तक समझौते के आधार पर पूरा गन्ना भुगतान नहीं किया जा रहा है. समझौते के आधार पर गन्ना भुगतान नहीं होने की स्थिति में भाकियू को जबरदस्त आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा.
2 कुछ दिनों पहले सिंभावली के प्रबंधको ने हीं भाकियू को अवगत कराया था कि इस वर्ष किसानों को बिना ब्याज दिए जाने वाली दवाई खाद एवं बीज का आदेश नहीं आया है जिसके उपरांत भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से जनपद हापुड़ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष दिनेश खेड़ा के नेतृत्व में वार्ता की. सिंभावली मिल द्वारा अभी भी 400 करोड़ रुपए का गन्ना किसानों से उधार लिए जाने के बावजूद दवाई बीज और खाद नकद दिए जा रहे हैं जो किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अविलंब किसानों को उधार में बिना ब्याज खाद बीज दवाई की व्यवस्था की जाए अन्यथा सिंभावली मिल के हेड कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
3 उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी द्वारा बार-बार घोषणा किए जाने के कि गांव में कोई बिजली कटौती नहीं की जाएगी के बावजूद 12 से 14 घंटे की विद्युत कटौती की जा रही है. कुछ गांव में तो मात्र चार-पांच घंटे ही विद्युत सप्लाई मिल रही है. अविलंब शासनादेश के अनुसार विद्युत सप्लाई किसानों को दी जाए अन्यथा बिजली दफ्तरों पर तालाबंदी कर के आंदोलन किया जाएगा।
4 अंतरराष्ट्रीय बाजार में गेहूं की कीमत को देखते हुए भारत सरकार को हिंदुस्तान के किसान को भी कम से कम ₹500 बोनस प्रति कुंटल गेहूं पर दिया जाना चाहिए।
पंचायत में जिला अध्यक्ष दिनेश खेड़ा, महिला जिला अध्यक्ष नीलम त्यागी, महिला मंडल अध्यक्ष बबली चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष शंभू चौधरी, जिला संरक्षक पीके वर्मा, युवा जिला उपाध्यक्ष हरीश त्यागी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष खुशनूद उर्फ जूनियर साहब, सिंभावली ब्लॉक अध्यक्ष मुनव्वर वरिष्ठ, जिला उपाध्यक्ष खुशनू द उर्फ जूनियर साहब आदि उपस्थित रहे.
































