हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में सामाजिक क्रांति के अग्रदूत एवं नारी शिक्षा के जनक महात्मा ज्योतिबा फुले की 131 वीं पुण्यतिथि रविवार को हापुड़ में बुलंदशहर रोड पर मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर व पुष्प अर्पित करके किया गया। कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग भी की गई। सैनी महासभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले ने जाती – पाती एवं ऊंच-नीच का पुरजोर विरोध किया था। उन्होंने अपने जीवन काल में 18 विद्यालयों की स्थापना करके देश में दलित, पिछड़े, महिलाओं को शिक्षित करने का कार्य किया था, इसलिए महात्मा ज्योतिबा फूले को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सैनी महासभा उत्तर प्रदेश के मेरठ मंडल अध्यक्ष डॉ मुकेश सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके बताए मार्ग पर चलें तथा अपने बच्चों को शिक्षा के मार्ग पर अग्रसर करें, क्योंकि शिक्षा ही वह रास्ता है जिस पर चलकर हम अपने भविष्य को संभाल सकते हैं। शिक्षा ही हमें अच्छा और बुराई का रास्ता चुनने में मदद करता है। कार्यक्रम के संयोजक भूदेव सैनी व नंदलाल सैनी ने कहा कि महात्मा फुले की वजह से ही हमें शिक्षा ग्रहण करने एवं सम्मानित जीवन जीने का अवसर मिला है। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र गौतम, सभासद सुनील सैनी, धीरज सैनी, दीपचंद सैनी, लाखन सिंह सैनी, कृष्ण गोपाल सैनी, आनंद कुमार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।





























