हापुड़, सीमन (ehapurnews.om) : गाजियाबाद नगर निगम द्वारा पिलखुवा के गांव गालंद में बनाए जा रहे डंपिंग ग्राउंड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। डंपिंग ग्राउंड के विरोध में 50 वें दिन भी ग्रामीणों का धरना जारी है। तो वहीं संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और कई गांव के ग्रामीणों ने धरना स्थल पर रविवार को हवन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गाजियाबाद निगम कर्मियों ने यहां कूड़ा डाल कर वातावरण को दूषित कर दिया है। वातावरण की शुद्धि के लिए हवन का आयोजन किया गया है। बताते चलें कि डंपिंग ग्राउंड के विरोध में गांव गालंद समेत कई गांव के ग्रामीण पिछली तीन अक्टूबर से धरने पर हैं। ग्रामीणों के धरने को समाप्त कराने के लिए गाजियाबाद और हापुड़ के डीएम और गाजियाबाद निगम के नगर आयुक्त समेत तमाम अधिकारी वार्ता कर चुके हैं लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। किसान मजदूर संगठन और संघर्ष समिति के पदाधिकारियों द्वारा आगामी 28 नवंबर को नेशनल हाईवे पर महापंचायत करने की घोषणा भी की जा चुकी है।




























