हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला के साथ उसके ससुराल पक्ष द्वारा जबरदस्ती गर्भपात कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने महिला का गर्भपात करा दिया और पति ने किसी अन्य महिला के साथ दूसरी शादी रचा ली। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आपको बता दें कि हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र के गांव श्याम नगर निवासी एक महिला ने बताया कि उसकी शादी साल 2013 में जनपद हापुड़ के हाफिजपुर क्षेत्र के गांव हुमायूंपुर निवासी अजय के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले विवाहिता पर दहेज का दबाव बना रहे थे और लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे थे। कुछ समय बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। लेकिन दहेज न मिलने के चलते गर्भपात करा दिया और मारपिटाई कर महिला को घर से निकाल दिया। इस दौरान पति ने दूसरी शादी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना में उसके पति व ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बाजार से सस्ते दामों पर टाईल्स लेने के लिए कॉल करें: 9837824010


























