हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नामी कंपनियों के नाम पर नकली प्रोटीन पाउडर बनाकर बेचने के आरोप में मेरठ के शकूरनगर ब्रह्मपुरी निवासी सरताज अलवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार इसके तार हापुड़ से भी जुड़े हैं। कुछ लोग मेरठ से नकली प्रोटीन और हाई एनाबॉलिक एस्टेरॉयड लाकर हापुड़ में भी इस गौरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं। इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है।
जानें क्या है पूरा मामला:
बता दें कि एसटीएफ ने मेरठ में बॉडी बिल्डिंग करने वाले युवाओं को असली हैल्थ सप्लीमेंट के नाम पर विदेशी कंपनियों के नकली प्रोटीन और गेनर बेचने का खुलासा किया है। एसटीएफ की टीम ने मेरठ में छापा मारकर सरताज के यहां से पांच सौ किलो प्रोटीन पाउडर और भारी मात्रा में पैकिंग में प्रयुक्त होने वाला सामान बरामद किया है। टीम ने मौके से आरोपी सरताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यूपी, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र समेत पूरे देश में नकली जिम प्रोडक्ट सप्लाई कर रहा था।
हापुड़ में प्रोटीन विक्रेता हुए तितर-बितर:
मेरठ के सरताज को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसटीएफ लगातार सरताज से राज उगलवाने में लगी है। वहीं सरताज के संपर्क में आए लोग इन दिनों तितर-बितर हो गए हैं।
ये भी पढ़ें: प्रोटीन की आड़ में बिक रहा हाई एस्टेरॉयड
दिल्ली के बवाना में बनाया जा रहा था नकली प्रोटीन:
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह नकली सप्लीमेंट दिल्ली में बनाया जाता था और कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था। पूरे देश से तीनों आरोपियों को ऑर्डर मिल रहे थे जिसके बदले में ये नकली प्रोटीन बनाकर बेच रहे थे। दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में गोदाम है। सरतार पिछले दस वर्षों से इस धंधे से जुड़ा हुआ है।
अन्य के लिए दबिश जारी:
एसटीएफ ने शनिवार को सरताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि अन्य दो आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं एसटीएफ उन लोगों का भी खुलासा करने में लगा है जो कि इस सप्लीमेंट को लाकर बेच रहे थे।
मेरठ में 25 लाख का माल बरामद
मेरठ में नकली प्रोटीन के मामले में एसटीएफ 15 कुंतल माल बरामद कर चुकी है जिसकी कीमत करीब 25 लाख है। विदेशी स्टीकर लगाकर नकली सप्लीमेंट युवाओं को असली बताकर बेचा जाता था। मेरठ में यह नकली सप्लीमेंट धड़ल्ले से कई दुकानों पर बेचा जा रहा था जहां से इसकी सप्लाई हापुड़ में की जा रही थी।
एसटीएफ ने ब्रह्मपुरी पुलिस के साथ सरताज के घर तलाशी ली जहां से पांच क्विंटल प्रोटीन पाउडर, विदेशी कंपनी के नाम के पांच हजार खाली बैग, सप्लीमेंट से भरे डब्बे, हजारों स्टीकर, लेबल होलोग्राम और एक मशीन मिली है।
सौ रुपये का माल 15 सौ में बेचते थे:
पूछताछ में सरताज ने बताया कि वह खैरनगर और दिल्ली से नकली प्रोटीन सौ रुपये किलो में खरीदकर 15 सौ रुपये में बेच रहा था। इसके बाद वही माल दुकानों और अन्य जगहों पर हजारों की कीमत में बेचा जाता था। एसटीएफ ने मेरठ और दिल्ली से करीब 15 कुंतल माल बरामद किया है।

Property Mela: खरीदें प्लॉट व फ्लैट, कॉल करें 9540030099


























