हापुड़ में कोरोना संक्रमित की संख्या बढ़ती ही जा रही है, परंतु लोग लाकडाउन के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
लाकडाउन-4 सोमवार से शुरु हो चुका है। जिला प्रशासन ने किराना, दवा, स्टेशनरी, बिजली, मोबाइल आदि की कुछ दुकानें खोलने की अनुमति दी है और सप्ताह में दिन भी निश्चित किए है कि किस दिन कौन सी मार्किट खुलेगी, फिर सभी मार्किट खुली है। मार्किट खुलने का समय सुबह 7 से 10 बजे तक है।
सोमवार की सुबह कसेरठ बाजार, बाजार बजाजा, छोट मंडी, बड़ी मंडी, चंडी रोड, पक्का बाग चौपला, गढ़ रोड, पक्का बाग मंडी, गोल मार्किट, कोठी गेट, रेलवे मार्ग पर 90 प्रतिशत तक दुकानें खुली थी। सड़क किनारे खड़े हजारों ठेले वाले फल व हरी सब्जियां,घड़े,क्राकरी, मास्क,स्कार्फ, जूते, चप्पल,बिस्कुट आदि बेच रहे थे। सोमवार को हापुड़ का हाल ऐसा नजर आ रहा था, जैसे कोई नौचंदी अथवा शहीद मेला लगा हो। खरीदार भी बड़ी तादाद में खरीदारी करते हुए नजर आए।
आज हापुड़ का यह आलम था कि सड़कों पर पैदल निकलना भी दूभर हो रहा था। लोग मुंह पर मास्क भी कम लगाए थे और सोशल डिस्टेंशिंग के पालन का तो प्रश्न ही पैदा नहीं हो रहा था।























