
दिवाली और छठ पर यात्रियों के लिए बड़ी राहत: हापुड़ डिपो चलाएगा अतिरिक्त बसें, जानिए रूट और टाइमिंग
हापुड़, सीमन/हर्ष त्यागी (ehapurnews.com): दीवाली और छठ के पावन पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए एक बहुत बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। त्योहारों के दौरान होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने कमर कस ली है और 6 नवंबर से 17 नवंबर तक अतिरिक्त बसों का संचालन करने का फैसला किया है।
दिवाली और छठ पर दूसरे शहरों में काम करने वाले लोग जब अपने घर लौटते हैं, तो बसों में भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसलिए हापुड़ डिपो ने विशेष तैयारियां की हैं। इस अवधि के दौरान डिपो की सभी 132 बसों का संचालन लखनऊ, हल्द्वानी, हरिद्वार, बरेली, नोएडा और दिल्ली समेत सभी निर्धारित रूटों पर सुचारू रूप से कराया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक लक्ष्मण सिंह ने जानकारी दी है कि त्योहारी सीजन में विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों और कर्मचारियों के छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है, ताकि सभी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। इसके अलावा, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चालकों और परिचालकों की ड्यूटी से पहले ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी, जिससे शराब पीकर गाड़ी चलाने जैसी घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके।
यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ को देखते हुए सबसे अधिक 50 बसें हापुड़-दिल्ली मार्ग पर चलाई जाएंगी, जिससे इस रूट पर यात्रियों को लगभग हर घंटे बस मिल सकेगी। इसके अलावा अन्य रूटों पर भी बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जिनमें:
हापुड़-बरेली: 15 बसें
हापुड़-नोएडा: 10 बसें
हापुड़-लखनऊ: 8 बसें
हापुड़-हल्द्वानी: 7 बसें
हापुड़-कोटद्वार: 4 बसें
हापुड़-गोरखपुर और रामनगर: 3-3 बसें
हापुड़-ऋषिकेश: 2 बसें संचालित होंगी।
कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन राशि:
त्योहारों में बेहतर और लगातार सेवाएं देने वाले चालकों और परिचालकों के लिए निगम ने प्रोत्साहन राशि की भी घोषणा की है। लगातार 11 दिन ड्यूटी करने पर 4,400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने पर 4,800 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर बस चलाना अनिवार्य होगा, जबकि संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को निर्धारित दूरी से अधिक संचालन पर 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर का लाभ भी मिलेगा।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069


























