
पिलखुवा नगर पालिका परिषद सफाई के लिए खरीदेगा 25 नई ई-रिक्शाएं
हापुड़, सीमन/ रियाज अहमद (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा नगर पालिका परिषद में शनिवार को बोर्ड बैठक का आयोजन हुआ जिसमें कई प्रस्ताव पास हुए। कूड़ा फेंकने पर जुर्माने की व्यवस्था, 25 नई ई-रिक्शाओं को खरीदने और कमर्शियल कंपलेक्स में दुकान आदि से जुड़े प्रस्ताव पर मोहर लगी।
चेयरमैन विभु बंसल ने बताया कि बोर्ड बैठक में खेड़ा वाली जगह, विबग्योर के पास स्थित कमर्शियल कंपलेक्स के लिए पीपीपी मॉडल पर आधारित प्रस्ताव पास हुए। जल्द ही वहां कार्य शुरू होगा। इसी के साथ हर वार्ड के लिए एक ई-रिक्शा खरीदने के लिए प्रस्ताव पर मोहर लगी है। क्षेत्र के चारों द्वारों पर इनोवेशन का कार्य होगा। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर 100, 200 और तीसरी बार ₹500 का जुर्माना लगाया जाएगा। इसी के साथ और भी कई प्रस्ताव पर मोहर लगी है।
पिलखुवा (हापुड़)। नगर पालिका परिषद पिलखुवा की बोर्ड बैठक शनिवार को पालिका सभागार में संपन्न हुई। बैठक में नगर के विकास, व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार तथा पालिका की आय बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श के उपरांत प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 की धारा 86 के अंतर्गत अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभासदों ने विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यावसायिक परियोजनाओं पर चर्चा की।
बैठक में गत बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ-साथ दहपा रोड एवं खेड़ा रोड पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के अंतर्गत व्यावसायिक भवनों के निर्माण के प्रस्तावों को पास किया गया।
बैठक का प्रमुख प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर स्थित नगर पालिका के बस स्टैंड को मॉडल बस स्टैंड एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने से संबंधित रहा। बोर्ड द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
PPP मॉडल अथवा पालिका के अन्य प्रचलित नियमों के अनुसार विकसित किए जाने की योजना है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने तथा पालिका की आय में वृद्धि की संभावना है.
दहपा रोड एवं खेड़ा रोड पर व्यावसायिक भवनों के निर्माण तथा बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने की योजनाओं को पालिका की वित्तीय स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से नगर में व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा भविष्य में रोजगार एवं निवेश के अवसर विकसित होने की संभावना है।
बोर्ड बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों के संबंध में आगे की कार्यवाही निर्धारित नियमों, आवश्यक स्वीकृतियों एवं प्रचलित प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी। नगर पालिका परिषद पिलखुवा द्वारा लिए गए इन निर्णयों से नगर के आधारभूत ढांचे के विकास और पालिका की आय के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है।
दिल्ली की डॉ शूची तनेजा दुआ अब हापुड़ शहर में: 70177 32103 || फ्री गंज रोड, हापुड़





























