
NH-9 पर 600 किलो बदबूदार पनीर पकड़ा, 1.81 लाख का पनीर JCB से गड्ढे में दबवाया
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हापुड़ में NH-9 पर चोटीवाला ढाबे के पास 28 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वाहन संख्या UP-21-GT-2451 को रोककर जांच की गई। वाहन में मुरादाबाद से दिल्ली बिक्री के लिए ले जाया जा रहा करीब 600 किलो पनीर मिला।
जांच के दौरान पनीर गंदे बर्तनों में अखाद्य बर्फ के साथ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। पनीर से खट्टापन और बदबू आने पर मिलावट के संदेह में खाद्य विभाग की टीम ने दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
इसके बाद विभाग ने शेष 597 किलो पनीर, जिसकी कीमत 1 लाख 81 हजार 488 रुपये बताई गई, को JCB से गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबवा दिया।यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार और उनकी टीम ने की। सवाल यह है कि मुरादाबाद से दिल्ली तक सप्लाई किए जा रहे इस पनीर से कितने लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा सकता था? अब नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतज़ार है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग के लिए अब रविवार को भी डॉक्टर शिशिर गुप्ता से लें परामर्श: 8979824365



























