
हापुड़: रिश्तेदारी में गई महिला के घर चोरी, सोने-चांदी के जेवर व 20 हजार रुपये उड़ाए
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव अनवरपुर में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। महिला रिश्तेदारी में गई हुई थी। मंगलवार दोपहर घर लौटने पर दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अनवरपुर गांव निवासी रुकमणी देवी सोमवार को अपनी भतीजी की सगाई में शामिल होने के लिए बीबी नगर क्षेत्र के एक गांव गई थीं। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बना लिया। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे जब रुकमणी देवी वापस लौटीं, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। पीड़िता ने घर में रखे सामान की जांच की तो सोने के कानों के कुंडल, गले का सेट, चांदी की दो जोड़ी पायल और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी और चोरों का पता लगाकर सामान बरामद कराने की मांग की।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि पुलिस शिकायत में बताए गए तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com

























