
हापुड़ में खेत में काम कर रहा किसान 11 हजार की लाइन की चपेट में आया, गंभीर रूप से झुलसा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर में बुधवार को खेत में काम कर रहा एक किसान 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में किसान गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव हरसिंहपुर निवासी मनोज सैनी पुत्र सुंदर सैनी बुधवार को अपने खेत में आलू की बुवाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का लटकता हुआ तार उनकी चपेट में आ गया। करंट लगने से मनोज सैनी गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइनों के लटकते तारों को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों में इस तरह की घटनाओं को लेकर चिंता है। लोगों की मांग है कि बिजली विभाग लटकते तारों को दुरुस्त कराए, ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसों को रोका जा सके।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559

























