
हापुड़ में 30 लाख की लागत से बनी नाले की दीवार एक सप्ताह में ढही
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ की बुलंदशहर रोड स्थित रामपुर रोड पर नाले की साइड वॉल निर्माण के महज एक सप्ताह के भीतर ही धराशायी हो गई। करीब 30 लाख रुपये की लागत से हुए इस निर्माण कार्य में तीन स्थानों पर लगभग 100 मीटर लंबाई में नाले की दीवारें गिर गईं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए निर्माण में खराब गुणवत्ता की सामग्री इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद नाले की दीवार इतनी जल्दी गिर जाना गंभीर सवाल खड़े करता है।
वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि नाले के ऊपर से अवैध रूप से संचालित पार्किंग के वाहनों को निकालने के कारण साइड वॉल क्षतिग्रस्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है।
इसके साथ ही अवैध रूप से संचालित पार्किंग को बंद कराने के लिए उसके संचालक को नोटिस जारी किया गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नाले की दीवार गिरने के पीछे निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी जिम्मेदार है या भारी वाहनों की आवाजाही।
Gopal Ji Jewellers, Wholesaler of High Class Gold, Silver & Diamond Ornaments: 9758449179

























