
महात्मा गंगा दास की स्मृति में दो दिवसीय विशाल कुश्ती दंगल, देशभर के पहलवानों ने दिखाया दमखम
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित कुचेसर रोड चौपला में महात्मा गंगा दास की स्मृति में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में देशभर से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी कुश्ती कला, ताकत और शानदार दांव-पेच का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे। आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री केपी मलिक सहित राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग भी शामिल हुए।
खेलो इंडिया की भावना को बढ़ावा दे रहा दंगल: केपी मलिक
दंगल में पहुंचे प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से देश के कोने-कोने तक भारतीय कुश्ती और पारंपरिक खेलों की पहचान पहुंचती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया अभियान का उद्देश्य भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देना है। उन्होंने कहा कि चौधरी पवनबीर सिंह कई वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। देश के दूर-दराज क्षेत्रों से पहलवान यहां पहुंचते हैं और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उचित पुरस्कार लेकर जाते हैं। आयोजन में खिलाड़ियों और दर्शकों के रहने-खाने की समुचित व्यवस्था भी की जाती है।
पवनबीर सिंह वर्षों से करा रहे दंगल:
महात्मा गंगा दास की स्मृति में आयोजित इस दंगल का उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है। अखाड़े में पहलवानों के बीच कड़े मुकाबले हुए। दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन के दौरान कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
DIVYANSH ARYA HEIGHTS: EXCLUSIVE 3 & 4 BHK RESIDENCES: 9762489492

























