
धौलाना: डीएम के आश्वासन के बाद 22 दिनों से जारी अनशन खत्म, शासन तक जाएगी 5 सूत्रीय मांग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना में पिछले 22 दिनों से सवर्ण समाज की 5 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा अनशन अब समाप्त हो गया है। महापंचायत के बाद, जिलाधिकारी (DM) कविता मीना खुद अमर बलिदानियों की याद में बने शहीद स्तंभ परिसर पहुंचीं, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने अपना अनशन खत्म करने का फैसला किया।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सीधे जिलाधिकारी को सौंपा। इस पर डीएम ने भरोसा दिलाया कि इस मांग पत्र को शासन के जरिए राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और एक महीने के भीतर इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
डीएम के इस आश्वासन के बाद अनशन पर बैठे लोगों ने शहीदों को नमन किया और देर रात अपने-अपने घर लौट गए। इससे पहले रविवार को प्रस्तावित महापंचायत को टालने के लिए पुलिस-प्रशासन ने आंदोलनकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से तहसील परिसर को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
रविवार देर रात शहीद स्तंभ पर ज्ञापन लेने पहुंचे अधिकारियों में डीएम कविता मीना के अलावा एडीएम संदीप कुमार, एसपी मधुबन कुमार सिंह, एएसपी महेश कुमार, सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र और एसडीएम धौलाना ऋषि राव समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौजूद रही। आंदोलन के संरक्षक ठाकुर जयवीर सिंह समाना से वीडियो कॉल पर वार्ता के बाद अनशन समाप्त करने की आधिकारिक घोषणा की गई।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)

























