
ग्राम पंचायत अल्लाबख्शपुर में अवैध प्लाटिंग जोरों पर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): वैसे पूरा जनपद हापुड़ ही अवैध प्लाटिंग का घर बन चुका है। प्लाटिंग के कारोबारियों ने अपनी निगाह अब ग्रामीण इलाकों की ओर घुमा ली है, ताकि एचपीडीए की नजर से बचा जा सके। ग्रामीण इलाकों में प्लॉटिंग का कारोबार तेजी पकड़ता जा रहा है।
बाबूगढ़ में पुलिस लाइन का निर्माण तेजी से चल रहा है। प्लाटिंग के कारोबारी ने यह जानकर कि पुलिस लाइन शुरू होते ही रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, साथ ही आवासीय भवनों की मांग भी बढ़ेगी, इसी सोच के कारण ही इस क्षेत्र में प्लाटिंग का कारोबार गति पकड़ रहा है और जमीन के दाम ₹50 हजार रुपए प्रति मीटर तक बोले जा रहे हैं।
दिल्ली सिटी स्कूल के बराबर से एक रास्ता गांव बागड़पुर को जा रहा है और इसी मार्ग पर सचिवालय ग्राम पंचायत अल्लाबक्शपुर उर्फ बागड़पुर का कार्यालय स्थापित है। यह इलाका हापुड़ विकासखंड के अंतर्गत आता है। ग्राम पंचायत सचिवालय के ठीक सामने की ओर एक कॉलोनी बसाने की तैयारी में प्लाटिंग की जा रही है।
एक अनुमान के अनुसार प्रस्तावित कॉलोनी का क्षेत्रफल दस हजार वर्ग मीटर से शायद ही कम हो।
प्रस्तावित कॉलोनी में ईटों से बाउंड्री की गई है और प्लाटिंग की जा रही है। कॉलोनी के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए सीमेंटिड सड़क का निर्माण किया जा रहा है और नालियां बनाई जा रही है। कॉलोनी में सड़क पर बिजली के खंबे भी लगे हैं। रातों-रात हरे पेड़ काट कर उड़ा दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस लाइन क्षेत्र में ही अन्य कॉलोनी बसाई जाने की तैयारी दिखाई पड़ रही हैं। हापुड़ पिलखुआ विकास प्राधिकरण को इस और ध्यान देकर राजस्व वसूली करनी चाहिए।
लाजपत नगर, चांदनी चौक का माल अब हापुड़ से खरीदें, 390 रुपए से शुरू: 9456414025





















