
सोने की नकली ईंटें थमाकर सर्राफा कारोबारी से करोड़ों की ठगी, 2.86 किलो आभूषण और 20 लाख ठगे, हापुड़ में दबिश
हापुड़, सीमन(ehapurnews.com): सर्राफा व्यापारी से ठगी के मामले में लखनऊ पुलिस ने रविवार को हापुड़ में दबिश दी और दो संदिग्धों को उठाया जिनसे पूछताछ की जा रही है। सोने की चार नकली ईंटों को असली बताकर एक सर्राफा कारोबारी के साथ करोड़ों रुपए की ठगी की गई। आरोप है कि ठगों ने कारोबारी से 2.86 किलो सोने के आभूषण और 20 लाख रुपए ठग लिए।
लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र के रहने वाले संजीव कुमार रस्तोगी, अमीनबाद में ‘स्वर्ण सिद्धि ज्वैलर्स’ के नाम से प्रतिष्ठान चलाते हैं। उन्होंने लखनऊ के चौक थाने में मुकदमा दर्ज कराया है कि करीब डेढ़ साल पहले हरियाणा के रोहतक का रहने वाला अजय चौधरी उनकी दुकान पर आया था।
आरोपी लगातार उनके संपर्क में रहा और 7 सितंबर 2026 को अपने दो अज्ञात साथियों (जिसमें एक महिला भी शामिल थी) के साथ उनके घर पहुँचा। आरोपियों ने महिला के पति के सेना में तैनात होने और ड्यूटी के दौरान बलिदान होने की झूठी बात कही। साथ ही दावा किया कि महिला को ड्यूटी के दौरान सोने की चार ईंटें मिली हैं, जिन्हें बदलकर वह नए आभूषण और नकदी चाहती है।
सर्राफा कारोबारी ने शुरुआत में मना किया, लेकिन आरोपियों के असली होने का भरोसा दिलाने पर कारोबारी ने उन्हें 2.86 किलो सोने के आभूषण और 20 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद आरोपी अपने बेटे को भेजकर ईंटों की जांच कराने की बात सुनते ही बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। जांच कराने पर ईंटें सोने की नहीं, बल्कि साधारण धातु की निकलीं।
इस मामले की जाँच के सिलसिले में लखनऊ के चौक थाने की पुलिस हापुड़ पहुँची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर दो संदिग्धों (आशिफ और अनस) को हिरासत में ले लिया है, जबकि गढ़ गेट पुलिस चौकी क्षेत्र से एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
मोना ड्रीम गैलरी से 999/- की शॉपिंग पर 1 GIFT FREE: 9927143205, 7817840559





















