
सिंभावली: रेलवे स्टेशन पर मिले घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत, उपैड़ा निवासी राजरूप के रूप में हुई पहचान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली के रेलवे स्टेशन परिसर में टीन शेड के नीचे घायल और बेहोश अवस्था में मिले करीब 76 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस की तत्परता और सोशल मीडिया के जरिए अब मृतक की शिनाख्त बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा निवासी राजरूप शर्मा के रूप में कर ली गई है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ राहुल यादव ने बताया कि रविवार की रात सिखेड़ा सीएचसी से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन पर एक बुजुर्ग अति-गंभीर स्थिति में पड़े हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआत में शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और सूचना प्रसारित की। इसके बाद गांव उपैड़ा से पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने शव की पहचान राजरूप शर्मा के रूप में की। परिजनों के मुताबिक, राजरूप शर्मा पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बीमार चल रहे थे और रविवार को अचानक घर से निकल गए थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





















