
पिलखुवा: मासूम से दुष्कर्म के प्रयास में दो किशोरों पर FIR दर्ज, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ छह वर्षीय एक मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगा है। इस मामले में दो अलग-अलग किशोरों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 17 सितंबर की है। दोपहर के वक्त बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि एक किशोर उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने छत पर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके अगले ही दिन, यानी 18 सितंबर को, दूसरे किशोर ने बच्ची को अपने घर बुलाकर उसके साथ वैसी ही घिनौनी हरकत की। 21 सितंबर की सुबह मासूम ने अपनी मां को दोनों घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद परिजन तुरंत पिलखुवा कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपी किशोरों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और अन्य संबंधित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हापुड़ की विश्वसनीय कपड़ों की दुकान “रामदास मोहनलाल माहेश्वरी बजाज” से खरीदें लहंगा, लेडीज सूट, डिजाइनर साड़ियां, स्टॉल, ज्वेलरी बहुत कुछ: 9927870069




















