
गंगा में डूब रहे तीन श्रद्धालुओं को गोताखोरों ने बचाया
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ की तीर्थनगरी ब्रजघाट में रविवार को गंगा स्नान के दौरान दिल्ली से आए तीन श्रद्धालु अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। श्रद्धालुओं को संकट में देख घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर कैलाश, दिल्ली निवासी अर्जुन रविवार को परिवार के साथ ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे। परिवार के लोग वीआईपी घाट की ओर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गहराई वाले हिस्से में पहुंचने पर अर्जुन के परिवार की महिला और एक किशोर का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पानी में डूबने लगे।
परिजनों को बचाने के प्रयास में अर्जुन भी गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद गोताखोर मुकेश, काले और स्वरोज ने स्थिति को देखते हुए तुरंत नदी में छलांग लगाई। काफी मशक्कत के बाद तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर किनारे पर पहुंचाया गया। सीओ राहुल यादव ने बताया कि गंगा में कुछ स्थानों पर अचानक गहराई बढ़ जाती है। ऐसे में श्रद्धालुओं को सावधानी बरतनी चाहिए और स्नान के दौरान सुरक्षित स्थान पर ही रहना चाहिए।
हापुड़: पायल डिजाइनर कलेक्शन से होलसेल दामों पर खरीदे लेडीज़ कलेक्शन: 7417105068





















