
हापुड़, सीमन / संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने अमित पुत्र मुनेश सिंह निवासी मोहल्ला नौरंगपुरी पिलखुवा की तहरीर के आधार पर अरुण, रोहित पुत्रगण सूरज, दिनेश पुत्र तेजवीर, निक्कू पुत्र दिनेश और डोडी उर्फ हरीश निवासीगण ग्राम मुकीमपुर भोजपुर गाजियाबाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित के मुताबिक, 14 सितंबर को करीब 11 बजे जटपुरा चौराहे स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर अरुण नाम का युवक आया और उससे पेट्रोल गिरवाकर हॉटस्पॉट खोलने को कहा। मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। पीड़ित का आरोप है कि 16 सितंबर को करीब शाम 4 बजे आरोपी के भाई रोहित ने फोन कर उसे घर से बाहर आने के लिए कहा। जब अमित ने बाहर जाने से मना किया तो कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की गई। तहरीर के अनुसार, इसके बाद कुछ लोग मौके पर पहुंचे और अमित के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने तमंचे की बट से पीड़ित के सिर पर हमला किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके सिर में चोट लगी, जिसके बाद उसने शोर मचाया तो आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी पुलिस को बताई है। अमित कुमार ने पिलखुवा पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अब तहरीर और उपलब्ध वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




















