
50 हजार की दवाइयां लेकर ई-रिक्शा चालक रफूचक्कर
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ शहर से एक अजीबोगरीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ई-रिक्शा चालक करीब ₹50,000 मूल्य की पशुओं की दवाओं से भरी 5 पेटियां लेकर रफूचक्कर हो गया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, गुलावठी की ‘बंधु मेडिकल एजेंसी’ के कर्मचारी आकाश अग्रवाल निवासी सर्राफा बाजार दोपहर करीब 1 बजे एसएसवी डिग्री कॉलेज के पास एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से दवाइयों की डिलीवरी लेने पहुंचे थे। वहां से उन्होंने करीब 50 हजार रुपये से अधिक कीमत की पशु दवाओं की 5 पेटियां एक ई-रिक्शा पर लोड करवाईं।
ई-रिक्शा पर माल लोड कराने के बाद आकाश ने चालक को महज एक किलोमीटर दूर दूसरी मेडिकल एजेंसी पर पहुंचने का निर्देश दिया और खुद अपनी बाइक से आगे निकल गए। लेकिन इसी बीच मौका पाते ही ई-रिक्शा चालक दूसरे रास्ते से दवाइयों की पेटियां लेकर फरार हो गया।
जब ई-रिक्शा चालक बताए गए ठिकाने पर नहीं पहुंचा, तो कर्मचारी आकाश ने घंटों पूरे शहर में उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद जब चालक का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने एजेंसी मालिक एडवोकेट आशीष सिंघल को सूचना दी और फिर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन मोड में आई। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें ई-रिक्शा आरोपी चालक साफ नजर आ रहे हैं। हालांकि, ई-रिक्शा पर आगे या पीछे कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित न होने की वजह से पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मशक्कत करनी पड़ रही है। कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार का कहना है कि CCTV रूट ट्रैकिंग के जरिए आरोपी ई-रिक्शा चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264






















