
गढ़मुक्तेश्वर: फार्म से ढाई लाख रुपये कीमत के 12 बकरे चोरी, CCTV में कैद हुई संदिग्धों की गतिविधियां
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): गढ़मुक्तेश्वर। गांव अठसैनी स्थित एक फार्म से रात के समय करीब ढाई लाख रुपये कीमत के 12 बकरे चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने चार संदिग्धों पर बकरे चोरी कर ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
अठसैनी निवासी फहद के मुताबिक, 31 अगस्त की रात करीब डेढ़ बजे सफेद रंग की एक कार फार्म पर पहुंची थी। आरोप है कि कार में चार लोग सवार थे। संदिग्धों ने फार्म से 12 बकरे चोरी किए और कार में लेकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार चोरी किए गए बकरों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। फहद का कहना है कि घटना के दौरान फार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बताई जा रही कार की फुटेज भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और चोरी किए गए बकरे बरामद कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926

















