
निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मौत पर हंगामा
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के कपूरपुर थाना क्षेत्र के समाना गांव के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। इसके बाद गुरुवार शाम परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। परिजन अस्पताल के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए और जिम्मेदार डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच बहस भी हुई।
जानकारी के मुताबिक, समाना गांव की गौशाला में काम करने वाले मदन गिरी को मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक पेट में दर्द हुआ था। परिजन उन्हें गांव के यशोदा नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान मंगलवार शाम करीब सात बजे मदन गिरी की मौत हो गई। मौत के बाद बुधवार शाम परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा किया था। गांव वालों के समझाने पर मामला शांत हुआ था।
इसके बाद गुरुवार शाम परिजन दोबारा अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने सड़क पर बैठकर जाम लगाने की कोशिश भी की। अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। मौके पर मौजूद गांव वालों ने हालात संभालने की कोशिश की।
पिलखुवा के क्षेत्राधिकारी मनीष चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी मिलेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
Admission open (2026-27)
S.A International School
Call- 9258003065
Email-id stasfee.internationalschool@gmail.com



















