
विबग्योर इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विब्ग्योर इंटरनेशनल स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, प्रेम, मित्रता, कर्मयोग एवं धर्म के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने आकर्षक श्रीकृष्ण एवं राधा की वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा भजन-गायन, संवाद प्रस्तुति, नृत्य, रैंप वॉक, कृष्ण-लीला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को संवाद एवं अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत कर उनके संदेशों को प्रभावी ढंग से सभी तक पहुँचाया। रैंप वॉक में विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण तथा कृष्ण और राधा के विभिन्न स्वरूपों को सुंदर वेशभूषा के साथ प्रस्तुत किया। नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक जनार्दन गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, ” कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाना चाहिए।” निदेशक नदीश गुप्ता ने कहा, ” कि भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों से विद्यार्थियों को जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीम भावना का विकास करते हैं।” प्रधानाचार्य डॉ. राहुल चावला ने कहा, ” कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि जीवन-मूल्यों और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश देने वाला उत्सव है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना की। पूरे विद्यालय परिसर में “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष के साथ जन्माष्टमी का उत्सव हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264


















