
गौशाला में सात गोवंश की मौत की वजह तलाशने को जांच के लिए भेजे नमूने
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा के सिखेड़ा रोड स्थित लाला प्रेमशंकर पंचायती गौशाला में सात गोवंश की मौत के बाद अब उनकी मौत की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत गोवंश के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं।
बताया जा रहा है कि गौशाला में कुछ गोवंश पहले से बीमार थे। बीमार गोवंश में नाइट्राइट विषाक्तता जैसे लक्षण मिलने के बाद चारे को लेकर भी आशंका जताई गई थी। हालांकि अभी मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है।
अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। नमूनों की जांच में करीब दो सप्ताह का समय लगने की संभावना है। फिलहाल गौशाला में मौजूद अन्य गोवंश की लगातार निगरानी की जा रही है और बीमार पशुओं का उपचार कराया जा रहा है।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजपाल के मुताबिक, मौत के कारणों की पुष्टि के लिए नमूने लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक फोन पर कराएं सीवर सैप्टिक टैंक की मशीन द्वारा सफाई: 9219695264


















