
पिलखुवा में 2.25 करोड़ की लागत से बनेंगी सड़कें और नालियां, चार वार्डों में होगा निर्माण
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के पिलखुवा नगर पालिका क्षेत्र के चार वार्डों में करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाएगा। करीब दो किलोमीटर लंबी सड़कों और नालियों से जुड़े इन कार्यों को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार सितंबर माह के अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
नगर पालिका की ओर से राज्य वित्त एवं पालिका निधि से मिली धनराशि के माध्यम से यह कार्य कराए जाएंगे। वार्ड संख्या दो में 72.56 लाख रुपये की लागत से सुभाष धोबी की दुकान से मोहल्ला शुक्लान होते हुए वाल्मीकि चौक तक नाली और सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 42 लाख रुपये की लागत से वाल्मीकि धर्मशाला से मुकेश के मकान तक सड़क और नाली का निर्माण होगा।
वहीं वार्ड संख्या तीन में 61.93 लाख रुपये की लागत से शिशु के मकान से पाल सैनी के मकान तक भोला पुरी मोड़ के रास्ते सड़क निर्माण कराया जाएगा। वार्ड संख्या पांच में 27.08 लाख रुपये की लागत से एयरपोर्ट फैक्ट्री से भूमिया मंदिर होते हुए शैलेश फार्म रोड तक सड़क बनाई जाएगी जबकि वार्ड संख्या छह में 21.47 लाख रुपये की लागत से प्रतापपुर रोड से आसम मोहम्मद के मकान की ओर नाली और सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
इन सड़कों और नालियों के निर्माण से मोहल्लों में रहने वाले करीब दो हजार परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को गड्ढों वाली सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, नालियों के निर्माण से पानी की निकासी बेहतर होने की संभावना है। नगर पालिका के ईओ इंद्रपाल सिंह ने बताया कि निर्माण कार्यों के लिए टेंडर निकाले जा चुके हैं और प्रक्रिया चल रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010



















