
सांसद गोविल ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया
पहला पत्र — हापुड़ बाईपास पर ग्राम धनौरा के समीप सर्विस रोड निर्माण की मांग
दूसरा पत्र — एनएच-9 से हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग के लिए प्रवेश एवं निकास रैंप निर्माण की मांग
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सांसद अरुण गोविल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को दो अलग-अलग पत्र लिखकर क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति एवं पूर्ण कराने का आग्रह किया है।
सांसद अरुण गोविल ने अपने पहले पत्र में हापुड़ बाईपास, ग्राम धनौरा के समीप उतर-चढ़ाव के लिए सर्विस रोड के निर्माण का मुद्दा उठाया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि हापुड़ बाईपास ग्राम धनौरा के पास स्वर्ग आश्रम रोड एवं कठेड़ा मार्ग पर सभी आसपास के गांवों को जोड़ता है। इस अत्यधिक व्यस्त मार्ग पर एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए सर्विस रोड का अभाव क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं किसानों के दैनिक आवागमन में गंभीर कठिनाई उत्पन्न कर रहा है।
सांसद ने पत्र में बताया कि समतल पहुंच मार्ग के अभाव में पूर्व में कई गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें अनेक ग्रामीणों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने ग्राम दौमी, धनौरा, खड़खड़ी, असरा, लोटी, मुदाफरा, सरावनी एवं बझीलपुर-सूदना सहित आसपास के गांवों के निवासियों एवं किसानों की सुरक्षा को देखते हुए उक्त स्थान पर उतर-चढ़ाव हेतु सर्विस रोड के निर्माण की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया है।
वहीं, दूसरे पत्र में सांसद अरुण गोविल ने एनएच-9 से हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग के लिए प्रवेश एवं निकास रैंप के शीघ्र निर्माण का मुद्दा केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा है। उन्होंने अपने पूर्व पत्र का संदर्भ देते हुए बताया कि एनएच-9 के किमी 56+700 एवं किमी 56+980 पर हापुड़-अयादनगर-भटैल मार्ग के लिए प्रस्तावित प्रवेश एवं निकास रैंप का निर्माण जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
सांसद ने बताया कि इस मार्ग से लगभग 40 गांवों एवं आसपास के शहरी क्षेत्र की एक लाख से अधिक आबादी का आवागमन होता है। क्षेत्र में तीन इंटर कॉलेज एवं एक डिग्री कॉलेज होने के कारण प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं भी इस मार्ग पर निर्भर हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज दिल्ली एवं अन्य मंडियों तक ले जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रवेश एवं निकास रैंप के अभाव में क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से एम्बुलेंस एवं अग्निशमन जैसी आपातकालीन सेवाओं के त्वरित आवागमन में बाधा उत्पन्न होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सांसद अरुण गोविल ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से आग्रह किया कि जनसामान्य की सुरक्षा, सुगम यातायात और क्षेत्रीय विकास की अनिवार्यता को देखते हुए दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृति एवं पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं।
सांसद ने कहा कि मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र में सड़क एवं परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों के समक्ष प्रभावी ढंग से विषय उठा रहे हैं।
कमल डोसा प्लाजा पर चखें मधुबन बड़ा व स्वादिष्ट डोसे का स्वाद: 7017570838, 7668606012*



















