
युवा ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, अनुशासन और सेवा से बनेगा विकसित भारत: कर्नल सचिन कुमार शर्मा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जीएस विश्वविद्यालय पिलखुवा में जीएनएम एवं बीएससी नर्सिंग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा चेतना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कर्नल सचिन कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और पूंजी हैं। यदि युवा अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तो भारत को विकसित एवं विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए उत्कृष्ट नागरिक बनने तथा समाज सेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि नायब सूबेदार राजेश ने भारतीय सेना के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश सेवा केवल सेना तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने कार्य को ईमानदारी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से आत्मविश्वास साहस और अनुशासन को अपने व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष के.पी. सिंह ने कहा कि आज का युवा भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक दायित्वों और राष्ट्र सेवा की भावना को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक एवं संस्कारित युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों का स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर हिमाद्री कलिता रविकांत शर्मा शिवम कुमार दीपा मोनिका पाल सहित जीएनएम एवं बीएससी नर्सिंग विभाग के शिक्षकगण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
ईंट नहीं बल्कि पूरा घर आरसीसी का, अभी बुक करें अपार्टमेंट: 9557396447






















