
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, डीजे की ऊंचाई 12 फीट से ज्यादा हुई तो होगी कार्रवाई
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना परिसर में आगामी कांवड़ यात्रा और त्योहारों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ सिटी अनीता चौहान ने की, जिसमें थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एसएसआई नवीन कुमार गौतम, पुलिस अधिकारियों, संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों और कांवड़ यात्रा से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
बैठक में कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग और अधिकारियों की जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई जमीन से 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुलिस से पुष्टि करने की अपील की गई।
बैठक में ग्रामीणों ने उपेड़ा गांव और कुचेसर चौपला-बाबूगढ़ मार्ग पर गड्ढों की समस्या उठाई। वहीं बड़ली गांव में कांवड़ मार्ग पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन नीचे होने का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा गया। सिकंदरपुर काकोड़ी क्षेत्र में गोमुख से आने वाले कांवड़ियों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों में बिजली के लिए अवैध कटिया न डालने और अस्थायी विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए। मीट की दुकानों को बंद रखने, शराब की दुकानों को ढककर रखने, शिविरों में शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, कांवड़ सेवा समितियों, डीजे संचालकों और अन्य गणमान्य लोगों ने भाग लिया तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।
घर में है दीमक की समस्या, FREE इंस्पेक्शन के लिए करें कॉल: 8077979922























