
हरोड़ा मोड़ पर जलभराव से स्कूली छात्र-छात्राओं और राहगीरों की बढ़ी परेशानी
हापुड़, सीमन/ अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के सिंभावली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर खुड़लिया के हरोड़ा मोड़ पर बरसात के बाद हुए जलभराव से ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई न होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में सड़क पर गंदा पानी भर गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही नाले चोक हो जाते हैं और सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। सबसे अधिक दिक्कत स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं राहगीरों को भी फिसलन और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव की समस्या से ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति उजागर हो गई है। सड़क पर लंबे समय तक गंदा पानी भरा रहने से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और नालियों की सफाई कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
“द रेमंड शॉप” दे रहे हैं रेडीमेड कलेक्शन पर 50% तक की विशेष छूट: 9149331926






















