
लापता युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के केशव नगर निवासी मोहित 8 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई और लगातार पुलिस से उसे खोजने की गुहार लगाते रहे। मोहित अस्पतालों की चौखट पर जिंदगी और मौत से जूझता रहा जिसकी दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक 10 जुलाई को मोहित की स्कूटी सरस्वती मेडिकल कॉलेज परिसर में खड़ी मिली। जब वहां जानकारी की गई तो पता चला कि एक अज्ञात ने गंभीर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसे बाद में रामा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रामा मेडिकल पहुंचे तो जानकारी मिली कि घायल को जिला अस्पताल दस्तोई रोड भेज दिया गया है। जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां से बताया गया कि उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा चुका है। देर रात परिजन मेरठ मेडिकल पहुंचे, जहां काफी मशक्कत और डॉक्टरों से मिन्नतों के बाद मोहित को दिल्ली रेफर कराया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
Brainwaves International School: Admissions Open 2026-27 (Playgroup – Grade XI)
























