
कांवड़ यात्रा बैठक में प्रशासनिक, पुलिस,पुजारी,शिविर संचालक,स्वास्थ्य टीम शामिल हुए
हापुड़,सूवि(ehapurnews.com):30 जुलाई से शुरू हो रही आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को हापुड कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना व पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में जनपदीय अधिकारियों, प्रमुख शिव मंदिरों के पुजारियों,प्रबंधकों एवं कांवड़ मार्ग पर शिविर लगाने वाले संगठनों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने मंदिर समितियों एवं पुजारियों से समन्वय कर दर्शन व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। सभी प्रमुख मंदिरों में जिग-जैग बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश-निकास द्वार, महिला,दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों हेतु अलग लाइन एवं पर्याप्त वॉलेंटियर लगाए जाएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर लगने वाले सभी भंडारा,/सेवा शिविरों का पंजीकरण उप जिलाधिकारी कार्यालय में कराना अनिवार्य है। शिविर में सी सी टी वी, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था होनी चाहिए। डी0जे की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट एवं ध्वनि 75 डेसीबल से अधिक नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का कड़ाई से पालन हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, ड्रोन एवं सी सी टी वी से निरंतर निगरानी की जाय।संवेदनशील स्थानों पर महिला पुलिसकर्मी एवं पिंक बूथ तैनात रहेंगे। अफवाह फैलाने वालों पर एन एस ए के तहत कार्रवाई की जायेगी।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक 2-3 किमी पर चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, ओ आर एस एवं पेयजल के टैंकर/प्याऊ लगाए जाएं। शिविर संचालक अपने शिविर में प्राथमिक उपचार किट अवश्य रखें। नगर निकाय एवं विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, मोबाइल टॉयलेट, डस्टबिन एवं नियमित सफाई की व्यवस्था हो। शिविर संचालक अपने शिविर के आसपास सफाई स्वयं सुनिश्चित करें।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सभी शिविरों में बनने वाले भोजन एवं प्रसाद की गुणवत्ता जांचेंगे। मीट-मांस की दुकानें मार्ग से 100 मीटर दूर एवं ढकी होंगी। रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य है कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय रहेगा। पुलिस सहायता बूथ एवं हेल्पलाइन 112, 108 का व्यापक प्रचार प्रसार हो। शिविर संचालक किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार, समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, सीएमओ, डीआईओ, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग/विद्युत/जल निगम, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, मंदिर समितियों के पदाधिकारी एवं शिविर संचालक उपस्थित रहे।
कैलकुलेटर से भी तेज दौड़ेगा दिमाग, सीखें अबेकस (Abacus) व वैदिक मैथ्स (Vedic Maths) 9219237480























